भिलाईनगर : भिलाई नगर पालिक निगम में डाटा एंट्री ऑपरेटरों के प्रमोशन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। वर्ष 2008 से पद स्वीकृत नहीं होने के कारण 12 से ज्यादा डाटा एंट्री ऑपरेटर लंबे समय से पदोन्नति से वंचित हैं। खास बात यह है कि इनमें से कई कर्मचारी अपने मूल पद से कहीं अधिक जिम्मेदारी वाले काम संभाल रहे हैं। कोई सहायक राजस्व अधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहा है तो कोई योजना अधिकारी, लेखाधिकारी और विधि लिपिक का काम देख रहा है।
कर्मचारियों का आरोप है कि निगम प्रशासन द्वारा वर्ष 2026 में प्रस्तावित पुनरीक्षित पदसंरचना में भी डाटा एंट्री ऑपरेटरों के प्रमोशन के लिए उचित पदों को शामिल नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अधिकारी के पद का काम, लेकिन प्रमोशन नहीं
निगम में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें शरद दुबे जोन-2 में सहायक राजस्व अधिकारी, विद्याधर देवांगन योजना विभाग में योजना अधिकारी और बालकृष्ण नायडू जोन-4 में सहायक राजस्व अधिकारी का काम संभाल रहे हैं।
इसी तरह राजसच्चर जीपीएस और ईपीएफ प्रभारी, सुरेश देवांगन जनगणना प्रभारी, प्रकाश गढ़पायले लेखाधिकारी का कार्य और ओंकार यादव विधि लिपिक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। शिव देशमुख स्वास्थ्य विभाग में कंप्यूटर संबंधी कार्य, ओमप्रकाश दुबे प्रधानमंत्री आवास योजना में ऑपरेटर और ममता गढ़पल्लीवर जोन-5 में पदस्थ हैं। वहीं कुमुदिनी पांडे राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा चंद्रशेखर तिवारी दुर्ग निर्वाचन कार्यालय में सेवाएं दे रहे हैं।
बताया गया है कि इनमें से कई कर्मचारी 15 से 17 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं।
2026 की नई पदसंरचना में भी नहीं मिला प्रमोशन चैनल
निगम की ओर से वर्ष 2026 में पुनरीक्षित पदसंरचना तैयार की जा रही है। इसमें डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए नए पदों के सृजन का प्रस्ताव तो रखा गया है, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर से पदोन्नति के लिए सहायक प्रोग्रामर, प्रोग्रामर और सहायक सूचना अधिकारी जैसे पदों को शामिल किए जाने की बात सामने आई है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि पदोन्नति का स्पष्ट चैनल ही नहीं होगा तो वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को इसका लाभ कैसे मिलेगा।
अन्य पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया, डाटा एंट्री ऑपरेटरों का जिक्र नहीं
संचालक, संचालनालय के पत्र के आधार पर तैयार किए गए पुनरीक्षित पदसंरचना प्रस्ताव में निगम आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षक के एक, सहायक ग्रेड-3 के एक और सहायक राजस्व निरीक्षक के दो पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया चलने का उल्लेख किया है।
लेकिन कर्मचारियों के मुताबिक डाटा एंट्री ऑपरेटरों की पदोन्नति का प्रस्ताव या उनके लिए स्पष्ट प्रमोशन चैनल का उल्लेख तक नहीं किया गया है।
संघ ने पहले भी उठाई थी मांग
नगर पालिक निगम भिलाई के सुगम कार्यालयीन व्यवस्था के साथ कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी संघ की ओर से पुनरीक्षित सेटअप में आवश्यक पदों को शामिल करने का सुझाव दिया गया था।
संघ का कहना है कि लंबे समय से काम कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए पदोन्नति की स्पष्ट व्यवस्था जरूरी है, लेकिन निगम प्रशासन ने उनके प्रमोशन चैनल को प्रस्ताव में अपेक्षित रूप से शामिल नहीं किया। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।



