Home छत्तीसगढ़ बारिश में दलदल बनी बांगो-पोड़ी सड़क, सैकड़ों ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; बोले-...

बारिश में दलदल बनी बांगो-पोड़ी सड़क, सैकड़ों ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; बोले- अब होगा बड़ा आंदोलन

0

कटघोरा :  प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए छत्तीसगढ़ में खास पहचान रखने वाला मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र इन दिनों अपनी खूबसूरती से ज्यादा बदहाल सड़क को लेकर चर्चा में है। बांगो से पोड़ी ब्लॉक को जोड़ने वाला मुख्य पहुंच मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है।

सड़क की हालत से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। भारी बारिश के बीच सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और कीचड़ से सने मार्ग पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

5 गांवों का मुख्य रास्ता, स्कूली बच्चों के सामने बड़ी परेशानी

ग्रामीणों के मुताबिक बांगो-पोड़ी मार्ग क्षेत्र के करीब पांच प्रमुख गांवों के लिए आवागमन का मुख्य साधन है। लेकिन सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश के बाद फैली कीचड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों को हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर फिसलन के कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। बच्चों के भी लगातार चोटिल होने की बात ग्रामीणों ने कही है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत और पक्के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

गड्ढों में मिट्टी डालकर की गई खानापूर्ति!

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले भी जल संसाधन विभाग के कार्यालय का घेराव किया गया था और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था।

इसके बाद समस्या के स्थायी समाधान के बजाय सड़क के गड्ढों में केवल मिट्टी डलवा दी गई। बारिश के बाद यही मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई और सड़क की हालत पहले से भी ज्यादा खराब हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्थायी रूप से सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन और भी मुश्किल हो सकता है।

मौके पर पहुंचे जनपद सदस्य, ग्रामीणों को कराया शांत

प्रदर्शन के दौरान वहां से गुजर रहे जनपद सदस्य आयुष सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें समझाइश देकर तत्काल मामला शांत कराया।

आयुष सिंह ने ग्रामीणों के आक्रोश को जायज बताते हुए कहा कि बदहाल सड़क की समस्या को लेकर जल्द ही शासन के समक्ष ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अब इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।

सड़क नहीं बनी तो होगा बड़ा चक्काजाम

जनपद सदस्य आयुष सिंह ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बदहाल मार्ग पर पक्की सड़क का निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में सड़क पर चक्काजाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों समेत क्षेत्र के लोगों को बारिश के दौरान हो रही परेशानी से राहत मिल सके।