Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर में पिस्टल के दम पर लूट का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड समेत...

बिलासपुर में पिस्टल के दम पर लूट का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड समेत 6 गिरफ्तार; लूटा गया पूरा माल बरामद

0

बिलासपुर : जिले में पिस्टल के दम पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोटा पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, सोने के आभूषण, कार, बाइक और मोबाइल फोन समेत लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

गिरोह ने जुलाई में दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। पहली घटना में रेलवे कर्मचारी से कलेक्शन की रकम लूटी गई, जबकि दूसरी वारदात में आरोपी बुर्का पहनकर एक घर में घुसे और हथियार के बल पर सोने के आभूषण लूट लिए।

रेलवे कर्मचारी को बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे एक रेलवे कर्मचारी को आरोपियों ने सलका डैम के पास घेर लिया।

आरोपियों ने हथियार का डर दिखाकर कर्मचारी के पास मौजूद 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि वाला बैग झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

बुर्का पहनकर घर में घुसे, हथियार दिखाकर लूटे गहने

इसके बाद गिरोह ने 18 जुलाई 2026 को दूसरी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बुर्का पहनकर एक घर में दाखिल हुए। घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए।

लगातार हुई दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना ने खोला राज

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। मुखबिर से मिली सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर एक-एक कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मास्टरमाइंड ने रची थी पूरी साजिश

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राकेश जायसवाल ने दोनों वारदातों की पूरी साजिश रची थी। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया।

वारदात में इस्तेमाल पिस्टल की व्यवस्था सनी सिंह के माध्यम से की गई थी। पुलिस के मुताबिक सनी आरोपियों को रीवा लेकर गया था, जहां उसके भाई के जरिए पिस्टल उपलब्ध कराई गई।

लूटे गए गहने ज्वेलरी दुकान पर बेचे

पुलिस के अनुसार लूटे गए सोने के आभूषणों को ठिकाने लगाने में हर्ष नामदेव ने मदद की। आरोपियों ने इन गहनों को हर्ष सोनी की ज्वेलरी दुकान पर बेचकर रकम हासिल की थी।

पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने लूट के माल की बरामदगी भी कर ली।

पिस्टल से लेकर कार और मोबाइल तक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—

वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल

सोने के आभूषण

आर्टिका कार क्रमांक CG 10 BL 1645

प्लेटिना मोटरसाइकिल

6 मोबाइल फोन

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

ये 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की कार्रवाई से हथियार के दम पर लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह पर बड़ा शिकंजा कसा गया है।

SSP ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत करने का ऐलान

मामले के खुलासे के बाद SSP रजनेश सिंह ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने टीम को नगद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।