Home छत्तीसगढ़ हॉस्टल में सीनियर्स की दबंगई! रैगिंग के दौरान 11वीं के दो छात्रों...

हॉस्टल में सीनियर्स की दबंगई! रैगिंग के दौरान 11वीं के दो छात्रों पर हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला

0

अंबिकापुर : सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रैगिंग के नाम पर जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने 11वीं के दो छात्रों के साथ मारपीट की और लोहे के कड़े से उनके सिर पर हमला कर दिया। घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और कथित तौर पर मौके पर बेहोश भी हो गए।

घटना 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में हुई बताई जा रही है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के छात्रों ने रैगिंग के दौरान 11वीं के दो छात्रों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लोहे के कड़े से सिर पर वार किया गया, जिससे दोनों छात्र लहूलुहान हो गए।

रैगिंग के दौरान सिर पर किया हमला

घटना के बाद घायल छात्रों की हालत देखकर हॉस्टल में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि दोनों छात्रों के घायल होने के बावजूद उन्हें तत्काल घटना की जानकारी नहीं दी गई। मामले की जानकारी बाद में पुलिस थाने तक पहुंचने के बाद परिजनों को हुई।

घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को के मुताबिक, उनके बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटे ने बताया कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसके साथ मारपीट की। इसके बाद परिजन मामले को लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।

4 नाबालिग छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में 4 नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, घटना के बाद प्रयास आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य छात्रों के बीच भी डर का माहौल बताया जा रहा है। परिजनों ने हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

प्रबंधन पर भी उठे सवाल

घटना को लेकर घायल छात्र के पिता ने हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों के साथ हुई मारपीट की जानकारी तत्काल परिजनों को दी जानी चाहिए थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि घटना के बाद प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाए गए।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और जिम्मेदारी तय हो सकेगी।