Home मनोरंजन मोहनलाल की अगली फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ का ऐलान, फाइटर जेट और विशाल...

मोहनलाल की अगली फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ का ऐलान, फाइटर जेट और विशाल प्रतिमा ने खींचा ध्यान

0

मुंबई : साउथ सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने अपनी अगली फिल्म को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। एक्टर ने फिल्ममेकर विष्णु मोहन के साथ अपनी नई फिल्म ‘ऑपरेशन गंगा’ की आधिकारिक घोषणा की है। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।

मोहनलाल ने अपने X अकाउंट पर फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया। पोस्टर में किसी कलाकार का चेहरा नजर नहीं आता, बल्कि एक विशाल महिला प्रतिमा, तलवार, ढाल और फाइटर जेट दिखाई दे रहा है। पोस्टर के विजुअल ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।

 तलवार, ढाल और फाइटर जेट ने खींचा ध्यान

‘ऑपरेशन गंगा’ के पोस्टर में शहर के बीच एक विशाल महिला प्रतिमा नजर आती है। प्रतिमा के एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में ढाल दिखाई गई है। इसके आसपास घने बादल छाए हुए हैं, जबकि उसके करीब एक फाइटर जेट भी नजर आ रहा है।

पोस्टर के विजुअल से अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में देशभक्ति, सैन्य अभियान और एक्शन से जुड़े तत्व देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी फिल्म की कहानी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘ऑपरेशन गंगा’ लिखा है और इसके नीचे टैगलाइन ‘A Nation’s Promise’ दी गई है।

 अर्जुन रामपाल समेत ये कलाकार आएंगे नजर

फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी ‘धुरंधर’ फेम शाश्वत सचदेव को दी गई है। उनके नाम के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं। कई यूजर्स ने फिल्म के म्यूजिक को लेकर अभी से उम्मीदें जताई हैं।

‘मेप्पडियान’ के डायरेक्टर के साथ पहली बार मोहनलाल

‘ऑपरेशन गंगा’ मोहनलाल और निर्देशक विष्णु मोहन का पहला साथ वाला प्रोजेक्ट है। विष्णु मोहन ने साल 2022 में मलयालम फिल्म ‘मेप्पडियान’ से बतौर निर्देशक डेब्यू किया था।

इस फिल्म में उन्नी मुकुंदन मुख्य भूमिका में थे। ‘मेप्पडियान’ के लिए विष्णु मोहन को 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।

अब उनकी दूसरी फीचर फिल्म के तौर पर ‘ऑपरेशन गंगा’ से काफी उम्मीदें जुड़ गई हैं।

 कब रिलीज होगी ‘ऑपरेशन गंगा’?

फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट और कहानी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं रखी है। हालांकि, फर्स्ट लुक ने फिल्म की दिशा को लेकर एक मजबूत संकेत जरूर दिया है।

तलवार, ढाल और फाइटर जेट जैसे विजुअल्स देखकर माना जा रहा है कि फिल्म में एक्शन और देशभक्ति का जबरदस्त मेल देखने को मिल सकता है। अब फैंस को फिल्म के टीजर और रिलीज डेट का इंतजार है।