Home छत्तीसगढ़ CG Weather News: बादल छाए, लेकिन बारिश गायब! कमजोर सिस्टम के बीच...

CG Weather News: बादल छाए, लेकिन बारिश गायब! कमजोर सिस्टम के बीच आज इन इलाकों में बरस सकते हैं बादल

0

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। बारिश कराने वाला मौसम सिस्टम कमजोर होने के कारण प्रदेश में बारिश का दायरा सिमट गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मौसमी उपखंडीय वर्षा सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम रही।

मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।

शनिवार को कैसा रहा प्रदेश का मौसम?

पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मुंगेली के लोरमी, सरगुजा के दरिमा और राजनांदगांव के कुमारदा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

प्रदेश में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

ऐसे में अगर आप बाहर घूमने या किसी जरूरी काम से निकल रहे हैं, तो एहतियात के तौर पर छाता या रेनकोट साथ रखना बेहतर रहेगा।

प्रदेश में क्यों थमी बारिश?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां काफी कम हुई हैं। राज्य के तीन मौसम केंद्रों पर ही एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम अब कमजोर हो गया है। हालांकि स्थानीय मौसमी प्रभाव के चलते रायपुर समेत कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं, लेकिन बारिश की गतिविधियां सीमित हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम के बनने के लिए अभी कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है। नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने के बाद ही प्रदेश में मानसून के फिर से जोर पकड़ने की उम्मीद है।

कौन-सा मौसम सिस्टम सक्रिय है?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।

इस सिस्टम के अगले दो दिनों के दौरान पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि इसका छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियों पर कितना प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में मौसम सिस्टम की स्थिति पर निर्भर करेगा।