डभरा : डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज होने वाले फसलों के आंकड़ों की शुद्धता को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने डभरा विकासखंड के ग्राम हीरापुर और बरगुड़हा में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सर्वे की प्रगति देखी और खेतों में वास्तविक रूप से बोई गई फसलों की जानकारी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्वे टीम और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में किसी भी तरह की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेत में मौजूद फसल का मौके पर सत्यापन करने के बाद ही उसका सही रकबा और फसल का विवरण दर्ज किया जाए।
कलेक्टर जयश्री जैन ने सर्वे के दौरान दर्ज की जा रही जानकारी का खेत की वास्तविक स्थिति से मिलान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डभरा एसडीएम श्री विनय कुमार कश्यप भी मौजूद रहे। उन्होंने भी मैदानी स्तर पर चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी ली और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बरहगुड़ा हल्का के पटवारी श्री सचिदानंद पटेल द्वारा किए जा रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वे प्रक्रिया में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली को देखा और फसल तथा रकबे की जानकारी सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किसानों की फसलों और कृषि भूमि से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े तैयार किए जा रहे हैं। ऐसे में सर्वे में दर्ज प्रत्येक जानकारी का सटीक और वास्तविक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित आंकड़े किसानों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने सर्वे टीम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने तथा सर्वे प्रक्रिया की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार कश्यप, पटवारी सचिदानंद पटेल सहित संबंधित अधिकारी और डिजिटल क्रॉप सर्वे टीम के कर्मचारी उपस्थित रहे।



