बालोद: शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश बुधवार को सड़क पर दिखाई दिया। समस्याओं का समाधान नहीं होने और प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर करीब 10 मिनट तक आवागमन बाधित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को सड़क से हटाया। इसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज परिसर के सामने ही धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
टीसी काटने की धमकी देने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कॉलेज की प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में व्याप्त मूलभूत समस्याओं की जानकारी जब प्राचार्य को दी जाती है तो कथित तौर पर उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है।
विद्यार्थियों के मुताबिक, वे अपनी समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। इसी वजह से छात्रों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर
छात्रों के लगातार प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। अधिकारी प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
एबीवीपी ने आंदोलन को दिया समर्थन
विद्यार्थियों के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का भी समर्थन मिला है। एबीवीपी कार्यकर्ता छात्रों के साथ धरने में शामिल हुए और कॉलेज की समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई।
फिलहाल कॉलेज के सामने विद्यार्थियों का धरना जारी है। छात्र-छात्राएं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान और प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
हालांकि, प्राचार्य की ओर से लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई पक्ष सामने नहीं आया है। प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन की बातचीत के बाद ही पूरे मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



