रायपुर : कर्नाटक सरकार के ‘वंदे मातरम’ को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कर्नाटक सरकार के निर्णय को अलोकतांत्रिक बताया और कहा कि यह फैसला भारत माता का अपमान है।
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत के दौरान विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए निर्णय पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम को लेकर कानून बनाया गया है। इसके बावजूद कर्नाटक सरकार का इस तरह का फैसला लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की मर्यादाओं की अनदेखी कर रही है। शिवराज ने कर्नाटक सरकार के फैसले को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे भारत माता का अपमान करार दिया।
PM आवास को लेकर छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन और प्यार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री को इन आवासों के स्वीकृति पत्र सौंपे जा रहे हैं। प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1,600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को लगातार सहयोग मिल रहा है। विकसित भारत की परिकल्पना के तहत खेत से सड़क तक की कनेक्टिविटी को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बोले शिवराज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है।
BRICS पर कांग्रेस के सवालों का दिया जवाब
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों का एक मंच पर आना महत्वपूर्ण है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होने लगती है। शिवराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाती है और भारत की प्रगति एवं विकास से खुश नहीं हो सकती।



