Home छत्तीसगढ़ PM मोदी के जन्मदिन से कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर तक… रामविचार नेताम...

PM मोदी के जन्मदिन से कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर तक… रामविचार नेताम ने साधा निशाना, जानिए क्या कहा

4
0

रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा भाजपा पर प्रधानमंत्री के जन्मदिन कार्यक्रम को सरकारीकरण करने का आरोप लगाए जाने के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का काम ही कुछ न कुछ राग अलापना रह गया है। नेताम ने कांग्रेस को प्रधानमंत्री पद की गरिमा समझने की नसीहत भी दी।

‘25 साल से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे PM मोदी’

रामविचार नेताम ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए पिछले 25 वर्षों से देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचने और उन्हें सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग लिया जा रहा है और आमजन को भी अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है।

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर भी निशाना

अंबिकापुर में 15 सितंबर से प्रस्तावित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी मंत्री नेताम ने कांग्रेस पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम पहले भी आयोजित करती रही है, लेकिन पार्टी में किस तरह की स्थिति है, यह किसी से छिपी नहीं है। नेताम ने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ‘जूतमपैजार’ की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को राजनीतिक रूप से काफी पीछे कर दिया है और अब उसके लिए इससे उबरना मुश्किल है। नेताम के मुताबिक कांग्रेस इस तरह के अभियानों के जरिए अपना जनाधार बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिलेगी।

नए प्रदेश प्रभारी के दौरे पर कसा तंज

कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी रामविचार नेताम ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इससे पहले भी कई ‘सुरमावीर’ आ चुके हैं और उनके आने से पार्टी को क्या फायदा हुआ, यह सभी देख चुके हैं।

नेताम ने कहा कि कांग्रेस में किसी नए नेता के आने मात्र से राजनीतिक स्थिति बदलने वाली नहीं है।

भूपेश बघेल पर जारी रैप वीडियो को लेकर भी हमला

भाजपा की ओर से कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को निशाना बनाकर जारी किए गए रैप वीडियो पर भी मंत्री रामविचार नेताम ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। नेताम ने कहा कि पिछली सरकार की कई योजनाएं कथित तौर पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं।

उन्होंने कहा कि भाजपा अब पिछली सरकार के कार्यकाल और उसके कामकाज से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखने का काम कर रही है।