Home छत्तीसगढ़ सक्ती में अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, घरों में छिपाकर रखी...

सक्ती में अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, घरों में छिपाकर रखी महुआ शराब बरामद

5
0

सक्ती : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 14 सितंबर 2026 को सक्ती और मालखरौदा आबकारी वृत्त की टीम ने सोंठी और सपिया गांव में छापामार कार्रवाई कर तीन कथित अवैध महुआ शराब विक्रेताओं को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुल 22 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

छद्म ग्राहक भेजकर हुई बिक्री की पुष्टि

कलेक्टर और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और मालखरौदा वृत्त प्रभारी कोमल प्रसाद सिदार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने पहले छद्म ग्राहक भेजकर अवैध महुआ शराब की बिक्री की पुष्टि की। इसके बाद सोंठी थाना सक्ती और सपिया चौकी फगुरम क्षेत्र में आरोपियों के आवासों की विधिवत तलाशी ली गई।

घर और बाड़ी में छिपाकर रखी थी शराब

तलाशी के दौरान सोंठी निवासी नितेश सतनामी पिता मनोज सतनामी के घर से एक कमरे में प्लास्टिक पन्नी में रखी 5 लीटर महुआ शराब और एक हरी बोतल में रखी 1 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

इसके अलावा घर की बाड़ी में एक गड्ढे में छिपाकर रखी चार प्लास्टिक बोतलों से 4 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इस तरह अकेले नितेश सतनामी के कब्जे से कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

वहीं संतोष भारती पिता सीताराम और राजेश बघेल पिता जम्मूलाल के रहवासी मकानों से 6-6 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

इस कार्रवाई में तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 22 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई।

धारा 34(2) के तहत मामला, तीनों जेल दाखिल

आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल, आबकारी उपनिरीक्षक कोमल प्रसाद सिदार और आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आरक्षक संजीव भगत, मुरलीधर नायक, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव और भीम साहू सहित आबकारी स्टाफ श्रीमती बसंती चौधरी, परसराम कहरा और कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।