Home छत्तीसगढ़ अग्रसेन जयंती पर अब सरकारी छुट्टी, अग्र महाकुंभ के मंच से CM...

अग्रसेन जयंती पर अब सरकारी छुट्टी, अग्र महाकुंभ के मंच से CM विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणा

4
0

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ 2026 के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर एक दिवसीय सरकारी अवकाश घोषित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद अग्रवाल समाज के लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

अंबिकापुर में अग्रवाल समाज की ओर से 18वां प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी आयोजन के तहत अग्र महाकुंभ 2026 का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे, जहां समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

भगवान अग्रसेन का पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान अग्रसेन के पूजन और उनके आदर्शों के स्मरण के साथ हुई। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने सामाजिक और सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज को अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं।

इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंच से अग्रसेन जयंती पर एक दिवसीय छुट्टी की घोषणा की। घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद समाज के लोगों ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकजुटता, समाज सेवा और आने वाली पीढ़ी के विकास को लेकर भी अपने विचार रखे।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान

18वें प्रांतीय अधिवेशन और दशम अग्र अलंकरण समारोह के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जा रहा है। अग्र महाकुंभ में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के लोग शामिल हुए।

आयोजन के दौरान लगाए गए विभिन्न स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र हैं। समाज के पदाधिकारियों के मुताबिक, इन स्टॉल के जरिए व्यापार और उद्यम से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रचार-प्रसार का अवसर मिल रहा है।

संजय मित्तल ने CM साय का जताया आभार

अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय मित्तल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। उन्होंने बताया कि अग्र महाकुंभ के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय आयोजन में लगाए गए स्टॉल व्यापार को बढ़ावा देने और प्रचार-प्रसार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हैं।

विजय अग्रवाल बोले- घोषणा समाज के लिए गौरव का विषय

अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री की घोषणा के लिए पूरे अग्रवाल समाज की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अग्रसेन जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश की घोषणा समाज के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

विजय अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज के योगदान, सामाजिक भूमिका और समर्पण के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का समाज की ओर से अभिनंदन करते हुए आभार जताया।

‘घोषणा से समाज में हर्ष की लहर’

अग्रवाल समाज के प्रचार-प्रसार मंत्री योगेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा से पूरे समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण है। इससे नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन के विचारों, सिद्धांतों और सामाजिक योगदान को जानने तथा उनसे जुड़ने का अवसर मिलेगा।