मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में दिवंगत शिक्षक के पेंशन प्रकरण से जुड़े काम में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 6 अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
मामला शासकीय हाईस्कूल लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान अंजनी त्रिपाठी से जुड़ा है, जिनका सेवाकाल के दौरान 25 सितंबर 2022 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद परिवार पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति उपादान से संबंधित प्रकरण की प्रक्रिया में कई स्तरों पर लापरवाही सामने आई।
2018 के वेतन निर्धारण की जांच और अनुमोदन में देरी
आदेश के मुताबिक, वर्ष 2018 में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग के संविलियन के बाद किए गए वेतन निर्धारण की सक्षम प्राधिकारी से समय पर जांच और अनुमोदन नहीं कराया गया। बाद में अनुमोदन में देरी के कारण अधिक भुगतान की वसूली की स्थिति बनी।
इसके अलावा, लंबित पेंशन प्रकरण के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय को गलत जानकारी भेजे जाने का भी उल्लेख आदेश में किया गया है।
इन 6 पर हुई कार्रवाई
मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने निम्न अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित किया है—
– राघवेन्द्र कुमार सोनी — तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य
– रघुनंदन सिंह राजपूत — प्रभारी प्राचार्य
– मोतीराम यादव — सहायक ग्रेड-3
– त्रिवेणी ध्रुव — सहायक ग्रेड-2
– अशोक ध्रुव — सहायक ग्रेड-3
– शत्रुघन कुलमित्र — जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पेंशन कक्ष प्रभारी एवं कनिष्ठ लेखा परीक्षक
नियम विरुद्ध कार्य और गंभीर लापरवाही का उल्लेख
निलंबन आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में नियम विरुद्ध कार्य, गंभीर लापरवाही और शासकीय कार्य में विलंब पाया गया। इसी आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान सभी संबंधित कर्मचारियों का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर के कार्यालय में निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
लोक शिक्षण संचालनालय की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। मामला खास तौर पर इसलिए गंभीर माना जा रहा है क्योंकि यह एक दिवंगत शिक्षक के परिवार से जुड़े पेंशन और अन्य देयकों की प्रक्रिया में हुई लापरवाही से संबंधित है।


Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.



