बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा धमतरी-कांकेर मार्ग पर स्थित मरकाटोला घाट में हुआ, जहां खड़ी माजदा को तेज रफ्तार धान से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
खड़ी माजदा को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाटी में डीजे से बंधी स्वराज माजदा (CG 10 BU 7174) खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे ट्रक (CG 04 QY 5947) ने माजदा को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि माजदा में करीब 13 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान चार अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया।
ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलटा
हादसे के बाद धान से लदा ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गया। बताया गया कि ट्रक के नीचे एक व्यक्ति दब गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद ट्रक चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे में मृत और घायल लोग कवर्धा समेत आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
CM विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुख
बालोद के इस दर्दनाक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और फरार ट्रक चालक की तलाश को लेकर जांच जारी है।



