बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है। वह नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है।
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने लीज रिन्यूवल से जुड़े काम के लिए नगर निगम में आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम को आगे बढ़ाने के एवज में क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका ने उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर आवेदक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना तैयार की गई।
निगम कार्यालय में बिछाया गया जाल
निर्धारित योजना के तहत ACB बिलासपुर की टीम ने नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की। इसी दौरान क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में रिश्वत की मांग और ट्रैप कार्रवाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



