Home छत्तीसगढ़ रात में भरभराकर गिरे दो मकान, मलबे में दबा परिवार; रायगढ़ में...

रात में भरभराकर गिरे दो मकान, मलबे में दबा परिवार; रायगढ़ में महिला की मौत, गरियाबंद में 4 घायल

4
0

रायगढ़/गरियाबंद : छत्तीसगढ़ में देर रात अलग-अलग जिलों में कच्चे मकान गिरने की दो घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। रायगढ़ के पुसौर ब्लॉक में मकान भरभराकर गिरने से मलबे में दबे परिवार के तीन लोग घायल हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। वहीं गरियाबंद के मैनपुर क्षेत्र में सो रहे परिवार पर मकान गिरने से चार लोग घायल हो गए। बाढ़ के चलते घायलों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया।

पुसौर में रात 3 बजे भरभराकर गिरा मकान

पहली घटना रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक के नंदेली गांव की है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त रोहिणी महंत (40), उनके पति रतन महंत (42) और 13 वर्षीय बेटे शिवम महंत मकान के अंदर थे।

मकान गिरने के बाद तीनों मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और तीनों को मलबे से बाहर निकाला।

इलाज के लिए ले जाते समय महिला की मौत

घायलों को पुसौर अस्पताल ले जाया गया। रोहिणी महंत की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

वहीं रतन महंत और उनके 13 वर्षीय बेटे शिवम का इलाज जारी है।

मैनपुर में सोते परिवार पर गिरा मकान

दूसरी घटना गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक के राजापड़ाव क्षेत्र के गौरगांव की है। यहां आधी रात सो रहे एक परिवार पर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

मकान के मलबे में दबने से परिवार के चार लोग घायल हो गए।

बाढ़ के बीच खाट के सहारे नदी पार कर पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाना आसान नहीं था। क्षेत्र में बाढ़ के कारण रास्ते प्रभावित थे। ऐसे में 112 की टीम की मदद से घायलों को खाट के सहारे नदी पार कराकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों को पहले मैनपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दोनों घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बारिश और बाढ़ के बीच कच्चे मकानों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।