रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ के कारण फसलों और मकानों को हुए नुकसान के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और आकलन के बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने सुकमा रवाना हुए CM साय
सुकमा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बनी है। वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित लोगों से मुलाकात कर फसल और मकानों को हुए नुकसान की जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन कराया जाएगा और उसके आधार पर प्रभावित लोगों को राहत एवं मुआवजा दिया जाएगा।
फसल नुकसान का होगा सर्वे
बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं नुकसान का आकलन करने जा रही है। सर्वे और आकलन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर रहेंगे CM
मुख्यमंत्री ने अपने आगामी सिंगापुर दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई उद्योग नीति लागू होने के बाद निवेश आकर्षित करने के लिए देश और विदेश में इन्वेस्टर मीट आयोजित की जा रही हैं।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे। दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और नई उद्योग नीति के तहत निवेशकों को मिलने वाले अवसरों को लेकर चर्चा की जाएगी।



