धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शादी के महज छह महीने बाद एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। भखारा थाना क्षेत्र के भखारा नगर पंचायत में 25 वर्षीय महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान काजल पाल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, काजल की शादी भखारा निवासी युवक से करीब छह महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद हुई इस घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों परिवारों के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि महिला की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर कई सवाल बने हुए हैं और पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



