Home छत्तीसगढ़ घर में घुसे तेंदुए ने 6 लोगों पर किया हमला, 3 की...

घर में घुसे तेंदुए ने 6 लोगों पर किया हमला, 3 की हालत गंभीर, परिवार ने हिम्मत दिखाकर किया कमरे में बंद…

1
0

महासमुंद :  जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस आया। तेंदुए ने परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

बाथरूम जाने निकली महिला पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, परिवार के करीब 10 सदस्य रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान करीब डेढ़ बजे उत्तरी बाई बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं। इसी दौरान उनका सामना तेंदुए से हो गया। तेंदुए ने उत्तरी बाई पर हमला कर दिया और इसके बाद घर के भीतर घुस गया।

घर के अंदर पहुंचने के बाद तेंदुए ने वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया। हमले में सरजू यादव (60), जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं।

चेहरे, गले और हाथ-पैर में गंभीर चोटें

तेंदुए के हमले में उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है। वहीं सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है। मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों को भी चोटें लगी हैं।

परिवार ने तेंदुए को कमरे में किया बंद

हमले के दौरान परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान जनक यादव, उत्तरी बाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने तेंदुए को कमरे में बंद करने में भूमिका निभाई। इससे तेंदुए को घर के अन्य हिस्सों में जाने से रोका जा सका।

112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

घटना के बाद घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

रायपुर से बुलाई गई विशेष रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुआ अभी भी घर के एक कमरे में बंद बताया जा रहा है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है। टीम तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।

फिलहाल वन विभाग की निगरानी में पूरे इलाके में सतर्कता बरती जा रही है। तेंदुए के घर में घुसने की परिस्थितियों को लेकर भी वन अमला जानकारी जुटा रहा है।