Home छत्तीसगढ़ महासमुंद में NH-53 पर बड़ा हादसा टला, खड़े ट्रेलर में लगी भीषण...

महासमुंद में NH-53 पर बड़ा हादसा टला, खड़े ट्रेलर में लगी भीषण आग; चालक सुरक्षित

4
0

महासमुंद :  छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ज्ञानी ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर के केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धूकर जलने लगा। गनीमत रही कि घटना के समय चालक ट्रेलर के अंदर मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर क्रमांक NL01AB 0769 लोहे का सामान लेकर नागपुर से कोलकाता जा रहा था। रास्ते में चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास वाहन खड़ा किया और खाना खाने के लिए ढाबे में चला गया।

इसी दौरान कुछ देर बाद ट्रेलर के केबिन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा केबिन जलकर खाक हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही महासमुंद से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

वहीं सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल ट्रेलर में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राहत की बात यह रही कि आग लगने के वक्त चालक ट्रेलर से बाहर ढाबे में था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।