Home छत्तीसगढ़ धमतरी में दहशत: घर के बाहर अचानक बरसने लगे पत्थर, बाहर आते...

धमतरी में दहशत: घर के बाहर अचानक बरसने लगे पत्थर, बाहर आते ही पिता-बेटों पर टूट पड़े हमलावर

4
0

धमतरी :छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के दानी टोला वार्ड में हुई इस वारदात में पिता और उनके दो बेटों पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और चाकू से हमला करने की बात सामने आई है। हमले में तीनों घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर के बाहर अचानक बरसने लगे ईंट-पत्थर

जानकारी के मुताबिक, दानी टोला वार्ड निवासी धनीराम साहू अपने दो बेटों देमेंद्र साहू और गुलशन साहू के साथ रविवार रात घर में सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर अचानक ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे।

अचानक हुए हमले से परिवार के लोग बाहर निकले तो कथित तौर पर वहां पहले से घात लगाए कुछ लोग मौजूद थे। आरोप है कि बाहर आते ही हमलावरों ने तीनों पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान ईंट-पत्थरों से भी वार किए गए। घटना में पिता और दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मछली पकड़ने को लेकर सामने आया विवाद

बताया जा रहा है कि हमले के पीछे तालाब में मछली पकड़ने को लेकर उपजा विवाद है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग तालाब में मछली पकड़ते थे और उन्हें कथित तौर पर शक था कि धनीराम साहू का परिवार उनके बारे में ढीमरा समाज के लोगों को जानकारी देता है।

इसी शक को हमले की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले में वास्तविक विवाद और हमले में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

हमले में घायल धनीराम साहू और उनके दोनों बेटों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले में शामिल आरोपियों और घटना की पूरी वजह को लेकर जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।