Home छत्तीसगढ़ यात्री बसों में चल रहा था गांजे की तस्करी का खेल, चावल...

यात्री बसों में चल रहा था गांजे की तस्करी का खेल, चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे 91 किलो गांजा

1
0

 गरियाबंद : गांजा तस्करी के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग यात्री बसों से करीब 91 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दोनों यात्री बसों के साथ उस ऑटो को भी जब्त किया गया है, जिसके माध्यम से गांजा बस तक पहुंचाया गया था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तस्करों द्वारा गांजे को चावल की बोरियों में छिपाकर यात्री बसों के जरिए रायपुर ले जाने की तैयारी थी। इस संबंध में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने मैनपुर क्षेत्र के झरियाबाहारा तथा गरियाबंद के पास यात्री बसों की जांच शुरू की। जांच के दौरान चावल की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।बताया गया कि दोनों अलग-अलग यात्री बसों से पुलिस ने कुल 91 किलो गांजा जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने गांजा रायपुर तक पहुंचाने के लिए बस चालक और कंडक्टर को कुछ रकम देने की बात कही थी। तस्करों की योजना थी कि बस के रायपुर पहुंचने के बाद वहां कोई अन्य व्यक्ति चावल की बोरियों के रूप में छिपाकर रखे गए गांजे को बस से उतार लेगा।

मैनपुर से एक, गरियाबंद से तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई में मैनपुर थाना क्षेत्र से एक आरोपी, जबकि गरियाबंद थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच तेज कर दी है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसके पीछे मुख्य सप्लायर कौन है और रायपुर में गांजा किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यात्री बसों के जरिए तस्करी ने बढ़ाई चिंता
गांजा तस्करी में यात्री बसों के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आम यात्रियों के बीच तस्करी का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया जाना गंभीर मामला माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।