Home छत्तीसगढ़ महासमुंद में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, 560 किलो गांजा और ट्रक...

महासमुंद में नशे के कारोबार पर कार्रवाई, 560 किलो गांजा और ट्रक जब्त

4
0

पिथौरा :  छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 560 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये है। मामले में महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है।

 NH-53 पर नाकेबंदी कर रोका गया ट्रक

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन में गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।

 कैरेट के नीचे छिपाकर रखी थीं 16 बोरियां

पुलिस के मुताबिक, वाहन की तलाशी के दौरान डाले में रखे कैरेट के नीचे 16 बोरियों में गांजा छिपाकर रखा मिला। बरामद गांजे का कुल वजन 560 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 80 लाख रुपये बताया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर गांजा ओडिशा के बरहमपुर से लोड कर महाराष्ट्र के जलगांव जिले ले जाने की बात कही।

 महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष) और स्वराज महाजन (25 वर्ष) के रूप में बताई है। दोनों महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा प्रो 3015 वाहन, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है, और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मोबाइल की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले में गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।