Home छत्तीसगढ़ पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर अरुण साव का बड़ा बयान, किसानों के...

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर अरुण साव का बड़ा बयान, किसानों के नुकसान पर भी कही ये बात

4
0

रायपुर : छत्तीसगढ़ में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इस बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के जरिए अपनी बात रखना हर कर्मचारी का अधिकार है, लेकिन कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है। सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी, लेकिन उन्हें जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी जनता से सीधे जुड़े कर्मचारी हैं। उनके काम प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी होती है। इसलिए पटवारियों को जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम पर लौटना चाहिए।

फसल नुकसान का कराया जाएगा सर्वे

चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर भी उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए फसल क्षति का सर्वे कराया जाएगा। जिन किसानों ने निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत फसल नुकसान की जानकारी दी है, उनके खेतों का सर्वे किया जाएगा।

साव ने कहा कि सरकार किसानों को हुए नुकसान को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित क्षेत्रों में फसल क्षति का आकलन कराया जा रहा है, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन पर साधा निशाना

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

साव ने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है, उनका आम जनता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रति जनता में नाराजगी है और इसका असर आने वाले समय में दिखाई देगा।

राज्योत्सव के बीच कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के आयोजन के बीच कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन करने के फैसले पर भी अरुण साव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस यहां मौजूद रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनहित, प्रदेश के विकास और देश के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की राजनीति को देख और समझ रही है।

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर सियासी घमासान

राज्योत्सव 2026 के आयोजन में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी उपमुख्यमंत्री ने पलटवार किया। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और श्रद्धा के लिए सरकार को कांग्रेस से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर प्रदेश को अपमानित करने तथा लूटने का आरोप लगाया। साथ ही नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के मान-सम्मान और गौरव के प्रति सरकार की भावना स्पष्ट है। इस मुद्दे पर कांग्रेस को सरकार के सम्मान और श्रद्धा पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।

पटवारियों की हड़ताल, किसानों की फसल क्षति और राज्योत्सव से जुड़े विवादों के बीच उपमुख्यमंत्री के इन बयानों से प्रदेश की सियासत में एक साथ कई मुद्दों पर बयानबाजी तेज हो गई है।