Home छत्तीसगढ़ ऑपरेशन आघात में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.110 किलो गांजा के साथ...

ऑपरेशन आघात में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.110 किलो गांजा के साथ 62 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

5
0

रायगढ़ : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन आघात के अंतर्गत पुलिस ने ग्राम बिंजकोट में घेराबंदी कर गांजा लेकर जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में गांजा की खरीदी-बिक्री में सहयोग करने वाले दूसरे आरोपी का नाम सामने आया, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान भूपदेवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है।

मेन रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदेही धनेश्वर कुम्हार (62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ा गया।

विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट मिले। तौल कराने पर कुल 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में धनेश्वर ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की।

पूछताछ में खुला दूसरे आरोपी का नाम

विवेचना के दौरान धनेश्वर से पूछताछ में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि उसने भी अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री की रकम के रूप में 500 रुपये बरामद कर जब्त किए गए।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के निर्देश तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अब गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पतासाजी कर रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, प्रधान आरक्षक संजय तिर्की तथा आरक्षक संदीप मिश्रा, अशोक चौहान, बोधराम सिदार, प्रदीप तिवारी, संतोष जायसवाल और हेतराम सिदार की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।