Home छत्तीसगढ़ Raigarh Crime: उधारी के 4,500 रुपये नहीं मिले तो वृद्ध महिला के...

Raigarh Crime: उधारी के 4,500 रुपये नहीं मिले तो वृद्ध महिला के घर में घुसकर की लूट, विरोध करने पर सिर और हाथों पर किया वार

5
0

रायगढ़ :  जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में अकेली रह रही 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आधी रात महिला के घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़े तथा 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लूट लिए। महिला के जागने और विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर और दोनों हाथों पर वार कर दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथौड़ी, बांस का डंडा और मोटरसाइकिल जब्त की है। उसके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। हालांकि, लूटे गए शेष रुपये और सोने-चांदी के जेवरात अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।

आधी रात घर में घुसकर की वारदात

पुलिस के अनुसार, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62 वर्ष) ने 1 नवंबर 2026 को अपने दोनों बेटों और बहू के साथ खरसिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने कमरे में सो रही थी। रात लगभग 1:30 बजे नींद खुलने पर उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा है।

महिला ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर और दोनों हाथों पर हमला कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपये नकद, लगभग 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) और 331(6) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संदिग्ध के हुलिए से मिला सुराग, पुलिस ने दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान जानकारी मिली कि वारदात की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी से आया नागेश गवेल संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद था। उसके हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेही नागेश कुमार गवेल की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करने की बात स्वीकार की।

4,500 रुपये की उधारी नहीं मिली तो बनाई लूट की योजना

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रुपये नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई।

आरोपी को जानकारी थी कि रामबाई साहू घर में अकेली रहती हैं और उनके यहां पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढ़कर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोड़कर नकदी और जेवर निकालने लगा।

इसी दौरान संदूक से हुई आवाज सुनकर महिला जाग गई। उसने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने बांस के डंडे से हमला कर दिया और लूटे गए सामान के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

हथौड़ी, डंडा और बाइक जब्त; जेवरात की तलाश जारी

आरोपी नागेश कुमार गवेल के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने 3 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी बरामद की। हथौड़ी और डंडा बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाड़ियों से मिले, जबकि डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शेष 25 हजार रुपये नकद, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के समीप छिपाने की जानकारी दी थी। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन वहां से लूटी गई संपत्ति बरामद नहीं हो सकी।

आरोपी की पहचान कार्यपालिक दंडाधिकारी खरसिया के समक्ष पीड़िता से कराई गई। इसके बाद नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष), पिता प्रमोद कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया को 4 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन में की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर धृतांत, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, महेंद्र खरे, आरक्षक विशोष सिंह और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।