कोरिया : कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने विगत दिनों रिमझिम बारिश के बीच खेतों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की और धान की उपज की जानकारी ली। बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान की आशंका को देखते हुए उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देश तत्काल किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कोरिया जिले के कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
उप संचालक कृषि के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से बेमौसम बारिश होने और बीमित फसल को नुकसान पहुंचने की स्थिति में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर सूचना देनी होगी।
किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल-फ्री नंबर 14447 पर नुकसान की सूचना दर्ज करा सकते हैं। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी 10 दिनों के भीतर सर्वे कर नुकसान का आकलन करेगी।
खेत में सुखाने रखे धान के करपे को भी बीमा सुरक्षा
एडवाइजरी के मुताबिक, कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखे बीमित धान के करपे को योजना की शर्तों के तहत कटाई की तारीख से अधिकतम 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा मिलती है। खड़ी फसल में जलभराव से हुए नुकसान का आकलन फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आधार पर किया जाएगा।
नुकसान की तस्वीरें और वीडियो सुरक्षित रखें
किसान सूचना दर्ज कराते समय अपना नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, पॉलिसी नंबर, नुकसान की तारीख और उसका विवरण दें। कृषि विभाग ने किसानों से नुकसान की तस्वीरें और वीडियो सुरक्षित रखने तथा बीमा कंपनी के साथ संबंधित पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी सूचना देने को कहा है।



