तखतपुर : छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन पर तखतपुर में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन तो हुआ, लेकिन कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को ऐसा नाश्ता परोसा गया कि खुशियों के इस आयोजन में नाराजगी घुल गई। कार्यक्रम में लोगों को बांटी गई पूड़ी-सब्जी के खराब और बदबूदार होने की शिकायत सामने आई। हालात ऐसे बने कि नाश्ता लेने पहुंचे नगरवासी और ग्रामीण उसे खाने के बजाय वापस फेंककर चले गए। अब सवाल यह है कि बड़े नेताओं के कार्यक्रम में मेहमानों के स्वागत के नाम पर आखिर ऐसी लापरवाही किसने की?
दरअसल, तखतपुर के राम सदन में डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन के उपलक्ष्य में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। क्षेत्रीय विधायक धर्मजीत सिंह की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्साह और स्वागत की तैयारियां तो जोरदार थीं, लेकिन नाश्ते की व्यवस्था ने पूरे आयोजन की किरकिरी करा दी।
कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को नाश्ते में पूड़ी-सब्जी वितरित की गई, लेकिन लोगों का आरोप था कि सब्जी खराब हो चुकी थी और उसमें बदबू आ रही थी। नाश्ता हाथ में लेते ही लोगों ने खाने से परहेज किया। कई लोग तो पूड़ी-सब्जी को वहीं फेंककर वापस लौट गए। खराब नाश्ता मिलने से लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
एक तरफ मंच से विकास और जनकल्याण की बातें हो रही थीं तो दूसरी तरफ कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को गुणवत्ताहीन नाश्ता बांटे जाने की शिकायत सामने आ रही थी। करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के भूमिपूजन जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में भोजन की गुणवत्ता को लेकर ऐसी शिकायत व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। आखिर नाश्ता तैयार करने और वितरण करने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदारों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर लोगों की सेहत को नजरअंदाज कर दिया गया?



