सक्ती : जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 61 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके घर की रसोई में छिपाकर रखी गई कुल 6.9 लीटर मदिरा बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, ग्राम जाजंग, थाना सक्ती निवासी महेश राम महिलांगे (61 वर्ष), पिता रुंगवा राम के घर से शराब बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत की पुष्टि के लिए विभागीय टीम ने पहले छद्म खरीददार के माध्यम से महुआ शराब खरीदी। इस प्रक्रिया में शराब की बिक्री की पुष्टि होने के बाद टीम ने कार्रवाई की।
रसोईघर में छिपाकर रखी थी शराब
सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने वार्ड क्रमांक 14, जाजंग स्थित आरोपी के रहवासी मकान की तलाशी ली। इस दौरान रसोईघर में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।
जब्त शराब में शामिल हैं:
- महुआ शराब: तीन पारदर्शी प्लास्टिक बोतलों में कुल 6 लीटर।
- देशी प्लेन मदिरा: 180-180 मिलीलीटर के 5 पाव, कुल 900 मिलीलीटर।
इस तरह आबकारी टीम ने कुल 6.9 लीटर मदिरा जब्त की।
धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज, जेल भेजा गया आरोपी
शराब की मात्रा और बरामदगी के आधार पर आरोपी महेश राम महिलांगे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर जेल दाखिल कराया गया।
आबकारी टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक श्रवण द्विवेदी, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव और भीम साहू सहित आबकारी स्टाफ के परसराम, कमलेश यादव एवं बसंती चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



