Home छत्तीसगढ़ नवापारा में नवजात का शव मिलने का मामला: नाबालिग से दुष्कर्म के...

नवापारा में नवजात का शव मिलने का मामला: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 4 गिरफ्तार

4
0

अभनपुर : गोबरा नवापारा में आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में नवजात शिशु का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विवेचना में एक नाबालिग बालिका के साथ कथित दुष्कर्म, गर्भावस्था और अस्पताल में प्रसव का मामला सामने आया है। वहीं, नाबालिग के उपचार के दौरान निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस को सूचना नहीं देने के आरोप में अस्पताल से जुड़े चिकित्सक और कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे सामने आई थी। आयुष्मान अस्पताल, नवापारा रोड के पास नाली में नवजात का शव मिलने की सूचना पर गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई।

जांच में सामने आया नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला

पुलिस की जांच में पता चला कि 30 और 31 अक्टूबर की दरम्यानी रात एक नाबालिग बालिका ने आयुष्मान अस्पताल में नवजात को जन्म दिया था। पुलिस के मुताबिक, बालिका की उम्र की जानकारी होने के बावजूद उसके साथ कथित रूप से शारीरिक शोषण किया गया था।

जांच में गर्भपात की दवा लेने और तबीयत बिगड़ने के बाद बालिका को अस्पताल ले जाने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने नाबालिग के साथ हुए कथित अपराध और नवजात के शव को नाली में फेंके जाने की घटना को लेकर अलग-अलग पहलुओं पर जांच की।

अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के उपचार के दौरान पॉक्सो एक्ट की धारा 19 के तहत पुलिस को सूचना देने संबंधी कानूनी दायित्व का पालन नहीं किया गया। इस आधार पर संबंधित चिकित्सक और कर्मचारियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

दौलत चक्रधारी (20 वर्ष), निवासी कोलियारी, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर।

चुम्मन साहू (23 वर्ष), निवासी कुरूसकेरा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद।

बुधपाल सिंह (38 वर्ष), निवासी अनुव्रत विहार, टीचर्स कॉलोनी, कोटा, रायपुर।

प्रदीप यादव (31 वर्ष), निवासी अमरपुर, थाना संग्रामपुर, जिला अमेठी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नवापारा।

पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इन धाराओं के तहत दर्ज है अपराध

मामले में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 91 और 238 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।