Home लाइफस्टाइल अच्छी नींद के लिए रात में मोजे पहनना कितना फायदेमंद? जानिए विशेषज्ञ...

अच्छी नींद के लिए रात में मोजे पहनना कितना फायदेमंद? जानिए विशेषज्ञ की राय

8
0

सर्दियों में सबसे ज्यादा ठंडक पैर में लगती है। यही वजह है कि कई लोग रात को सोते वक्त मोजे पहनते हैं। वहीं कुछ लोग गर्मी में रात को सोते वक्त मोजे पहनते हैं। लेकिन सवाल उठता है कि रात को मोजे पहनकर सोना चाहिए या नहीं, रात को मोजे पहनकर सोने से क्या होता है? डॉ. सुरेश एस, कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट एवं स्लीप मेडिसिन विशेषज्ञ, ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल, चेन्नई बता रहे हैं रात को मोजा पहनकर सोने से क्या फायदे होते हैं।

क्या कहते हैं डॉक्टर

रात में सोते समय मोजे पहनना भले ही एक छोटी-सी आदत लगे, लेकिन यह नींद के आराम को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनके पैर रात में ठंडे रहते हैं। शारीरिक दृष्टिकोण से देखें तो पैरों को गर्म रखने से शरीर की नेचुरल तापमान नियंत्रण प्रक्रिया को बढ़ावा मिल सकता है, जो अच्छी नींद के लिए महत्वपूर्ण है। सोने से पहले शरीर का मुख्य तापमान स्वाभाविक रूप से कम होने लगता है। जब पैर गर्म रहते हैं, तो त्वचा की सतह के पास मौजूद ब्लड वेसल्स फैलने लगती हैं। इस प्रक्रिया को वासोडिलेशन कहा जाता है। इससे शरीर की गर्मी बाहर निकलने में मदद मिलती है और शरीर का मुख्य तापमान धीरे-धीरे कम होता है, जो नींद आने की नेचुरल प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

कुछ लोगों को ठंडे पैरों के कारण सोने में परेशानी होती है। ऐसे में आरामदायक मोजे पहनने से उन्हें जल्दी नींद आने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, सर्दियों की ठंडी रातों में भी मोजे पहनने से आराम मिल सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति के लिए सोते समय मोजे पहनना जरूरी नहीं है और इससे बेहतर नींद की गारंटी भी नहीं मिलती। मोजों का चुनाव भी महत्वपूर्ण है। सोते समय ढीले, साफ और हवा आने-जाने देने वाले सूती मोजे पहनना बेहतर होता है। बहुत ज्यादा टाइट मोजे पहनने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे असहजता हो सकती है और ब्लड फ्लो प्रभावित हो सकता है। डायबिटीज, पेरिफेरल न्यूरोपैथी, खराब ब्लड फ्लो या पैरों में पहले से संक्रमण की समस्या वाले लोगों को पैरों की साफ-सफाई और उनकी देखभाल पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह भी लेनी चाहिए।