Home छत्तीसगढ़ रायपुर में लोक अदालत की तैयारी, 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी...

रायपुर में लोक अदालत की तैयारी, 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 तक के ई-चालान होंगे निराकृत

1
0

रायपुर: वाहन चालकों और वाहन मालिकों के लिए राहत की खबर है। राजधानी रायपुर में 12 दिसंबर 2026 को लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी किए गए लंबित ई-चालान प्रकरणों के निराकरण का अवसर मिलेगा। इसके लिए वाहन स्वामी 8 दिसंबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर ने लंबित ई-चालान मामलों के निराकरण के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू की है। वाहन मालिक लोक अदालत से पहले अपने नजदीकी यातायात थाने या यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंचकर पंजीयन करा सकते हैं। पुलिस ने वाहन स्वामियों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर पंजीयन कराने की अपील की है।

इन 9 स्थानों पर करा सकते हैं पंजीयन

लंबित ई-चालान प्रकरणों के लिए रायपुर में इन स्थानों पर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है:

  1. यातायात थाना तेलीबांधा
  2. यातायात थाना पचपेड़ी नाका
  3. यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड
  4. यातायात थाना टाटीबंध
  5. यातायात थाना भनपुरी
  6. यातायात थाना पंडरी पुराना बस स्टैंड
  7. यातायात थाना शारदा चौक
  8. यातायात थाना कालीबाड़ी
  9. यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी

वाहन स्वामी इनमें से किसी भी नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन करा सकते हैं।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं ई-चालान की स्थिति

वाहन चालक और वाहन मालिक अपने लंबित ई-चालान का विवरण घर बैठे ऑनलाइन भी जांच सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जाना होगा।

ई-चालान पोर्टल: https://echallan.parivahan.nic.in/challan/challan-services

पोर्टल पर वाहन नंबर या चालान से संबंधित विवरण दर्ज कर लंबित चालान की स्थिति देखी जा सकती है।

डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन स्वामियों से की अपील

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान प्रकरणों का 8 दिसंबर 2026 तक पंजीयन कराएं और 12 दिसंबर को आयोजित लोक अदालत के माध्यम से उनका निराकरण कराएं।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर चालान का भुगतान और निराकरण नहीं कराने की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लोक अदालत का लाभ लेने के इच्छुक वाहन मालिक समय-सीमा का ध्यान रखें और अंतिम दिन की प्रतीक्षा किए बिना पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर लें।