रायपुर, 22 अगस्त, 2023 : रायपुर की तरह ही अंबिकापुर में भी खेल प्रेमियों के लिए 100 करोड़ रुपए की लागत से इंडोर स्टेडियम तैयार किया जाएगा। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज हाकी स्टेडियम में सरगुजा संभाग में युवाओं के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने यह घोषणा की। मूक बधिर बच्चों के लिए राज्य स्तर पर एक रेजिडेंशियल कालेज आरंभ करने की घोषणा भी उन्होंने की। अब तक ऐसे बच्चों के लिए केवल स्कूल की ही सुविधा है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि सरगुजा संभाग के सभी जिलों में शासकीय बीएड कालेज आरंभ किये जाएंगे। जिला मुख्यालय सूरजपुर में वुशू खेल अकादमी आरंभ की जाएगी। मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में ला कालेज की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर युवाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उप-मुख्यमंत्री श्री टीएस सिंहदेव, संस्कृति मंत्री श्री अमरजीत भगत, बस्तर सांसद श्री दीपक बैज, राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष श्री प्रेम साय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव श्री चिंतामणि महाराज, सलाहकार श्री राजेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




