Home व्यापार 3 दिन में ₹7500 सस्ता हुआ सोना, चांदी भी ₹21,700 टूटी; चेक...

3 दिन में ₹7500 सस्ता हुआ सोना, चांदी भी ₹21,700 टूटी; चेक करें आज का लेटेस्ट रेट

0

सोना और चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज गिरावट देखने को मिल रही है। गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों के भाव में भारी कमजोरी दर्ज की गई। अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका और डॉलर की मजबूती के चलते निवेशक कीमती धातुओं से दूरी बना रहे हैं। इसका असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है।

3 दिन में करीब 7500 रुपये टूटा सोना

एमसीएक्स पर गुरुवार को सोना 1,478 रुपये गिरकर 1,40,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अगर पिछले तीन दिनों की बात करें तो सोने की कीमत में कुल 7,482 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार गिरते भाव ने निवेशकों और ज्वेलरी खरीदने वालों दोनों का ध्यान खींचा है।

चांदी में भी बड़ी गिरावट

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी भारी दबाव देखने को मिला। एमसीएक्स पर चांदी कल के भाव से 2338 रुपये टूटकर 2,10,737 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले तीन दिनों में चांदी की कीमत कुल 21,728 रुपये प्रति किलो घट चुकी है। यह हालिया समय की सबसे बड़ी गिरावटों में से एक मानी जा रही है।

रिकॉर्ड हाई से ₹52,000 सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमत हुई आधी

अगर ऑल-टाइम हाई से तुलना करें तो यह गिरावट काफी बड़ी है। एमसीएक्स के आंकड़ों के मुताबिक, इसी साल 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के अपने रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था, लेकिन तब से लेकर अब तक यह 52,396 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, एमसीएक्स पर चांदी का ऑल-टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो है, जो अब तक 2,09,311 रुपये सस्ती हो चुकी है।

क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के भाव?

अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं और डॉलर इंडेक्स के मजबूत होने के कारण सोने की तीन साल से चली आ रही तेजी पर अचानक ब्रेक लग गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 4,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे आ गई है। बुधवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने के दाम 3.8% तक टूटकर 3,960 डॉलर प्रति औंस से भी नीचे चले गए। वहीं, चांदी भी दिसंबर के बाद पहली बार 60 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे आ गई है।