Home छत्तीसगढ़ कोरबा में ज्वेलरी शॉप पर धावा, मिर्ची पाउडर फेंककर लूट की कोशिश,...

कोरबा में ज्वेलरी शॉप पर धावा, मिर्ची पाउडर फेंककर लूट की कोशिश, पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी

0

कटघोरा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी में आज दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब दिनदहाड़े नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने राज ज्वैलर्स को निशाना बनाया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांंच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आज करीब 1 बजे तीन नकाबपोश लुटेरे ग्राहक बनकर दुकान में घुसे थे। इनमें से एक आरोपी महिला की वेशभूषा (सलवार सूट) में था, जिससे वे किसी को शक न हो। लुटेरों ने सोने की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकान संचालक को निशाना बनाया और अचानक मिर्ची पाउडर आंखों में फेंक दिया।

इसके बाद आरोपियों ने कट्टा और चाकू की नोक पर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने असली के साथ-साथ कुछ नकली जेवरात भी लूट लिए।

घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक राजकुमार अग्रवाल पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू से हमला किया, जबकि संचालक को दांत से काटने की भी जानकारी सामने आई है।

हालांकि, संचालक की बहादुरी के चलते बड़ी वारदात पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। लूट के दौरान अफरा-तफरी में आरोपी मौके पर एक कट्टा और प्लेटिना बाइक छोड़कर फरार हो गए। वे कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी लेकर भागने में सफल रहे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कटघोरा पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है। यह वारदात इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है, जबकि पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर चुकी है।