Home छत्तीसगढ़ बेमेतरा में देशभक्ति का महासैलाब! सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में निकली...

बेमेतरा में देशभक्ति का महासैलाब! सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में निकली 3 KM लंबी तिरंगा यात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

0

बेमेतरा  : स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आज बेमेतरा शहर में भव्य तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल के नेतृत्व में निकली इस ऐतिहासिक यात्रा में हजारों छात्र / छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। सांसद श्री बघेल ने तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ सुश्री प्रेमलता पद्माकर, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी के हाथों में तिरंगा और दिलों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

स्वतंत्रता दौड़ में उमड़ा युवाओं का जोश

कार्यक्रम की शुरुआत जय स्तंभ चौक से स्वतंत्रता दौड़ के साथ हुई। इस दौड़ में एक हजार से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। तिरंगा हाथों में लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ दौड़ते विद्यार्थियों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करना था।

तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा बनी जनआंदोलन

स्वतंत्रता दौड़ के बाद सांसद श्री विजय बघेल के नेतृत्व में निकली लगभग तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर परशुराम चौक, सिग्नल चौक, भारत माता चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः जय स्तंभ चौक पहुंची। यात्रा के दौरान मार्ग के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं तालियों से स्वागत किया। विद्यालयों के बैंड, देशभक्ति गीतों और नारों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

“हर घर तिरंगा” राष्ट्र गौरव का अभियान : सांसद विजय बघेल

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि “हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण का भाव जगाने का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में मिली आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को एकजुट रहकर राष्ट्रहित में कार्य करना होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लाखों लोगों की पीड़ा, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन के दौरान असहनीय कष्ट झेले। उन्होंने सभी नागरिकों से अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

रिमझिम बारिश ने बढ़ाया उत्साह

तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हल्की बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बल्कि रिमझिम फुहारों ने देशभक्ति के जज्बे को और अधिक प्रबल कर दिया। स्कूली छात्र-छात्राएं यूनिफॉर्म में तिरंगा लहराते नजर आए, वहीं महिलाओं, युवाओं और छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। शहर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को तिरंगे से सजाकर अभियान को समर्थन दिया।

राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी विभागों, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। बेमेतरा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “विविधता में एकता” ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है और तिरंगा हम सभी भारतीयों को एक सूत्र में बांधने वाला राष्ट्रीय प्रतीक है।

इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, छत्तीसगढ़ रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नागरिक उपस्थित रहे।