Home छत्तीसगढ़ मौसम ने फिर बदली करवट, रायपुर-दुर्ग से बस्तर तक बारिश; सोमवार के...

मौसम ने फिर बदली करवट, रायपुर-दुर्ग से बस्तर तक बारिश; सोमवार के बाद राहत के संकेत

4
0

रायपुर : बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को रुक-रुककर बारिश हुई। रविवार को भी रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। हालांकि सोमवार के बाद मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।

आज भी कई इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय मानसूनी सिस्टम फिलहाल प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। रविवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत तेज भी रह सकती हैं।

हालांकि मौसम सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ सोमवार के बाद बारिश की रफ्तार में कमी आने की संभावना है।

12 दिनों में दो मौसम सिस्टम, प्रदेश में 84 मिमी बारिश

सितंबर के शुरुआती 12 दिनों में छत्तीसगढ़ में दो मौसम सिस्टम सक्रिय हो चुके हैं। इनके प्रभाव से अब तक प्रदेश में करीब 84 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं रायपुर जिले में इस दौरान 97.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।

वर्तमान मौसम सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बस्तर क्षेत्र में देखने को मिला है। इसके साथ ही रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाके भी बारिश से प्रभावित हुए हैं।

शनिवार को दिन में छाया अंधेरा, कई जगह तेज बारिश

शनिवार रात बारिश के बाद रविवार सुबह कुछ समय के लिए मौसम साफ रहा। इसके बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश शुरू हो गई।

शाम के समय बादलों की घनी चादर के कारण कई जगह दिन में ही अंधेरा छा गया और रात जैसा नजारा देखने को मिला।

धनोरा में 140 मिमी बारिश, बस्तर में 100 मिमी

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कोंडागांव के धनोरा में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं बस्तर में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में करीब 80-80 मिमी बारिश हुई। फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई क्षेत्रों में करीब 70-70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

राजधानी रायपुर में शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

सितंबर में बारिश की रफ्तार घट सकती है

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के आगामी दिनों में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में बनी हुई है, इसलिए प्रदेश में बारिश पूरी तरह बंद होने के आसार फिलहाल नहीं हैं।

पिछले साल सितंबर में रायपुर जिले में करीब 284 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस साल भी सितंबर में बारिश का आंकड़ा इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।