रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट गुरुवार शाम सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। इस दौरान श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की गई, जिसमें मुख्यमंत्री साय ने भी सहभागिता की।
PM मोदी के नेतृत्व में देश ने देखे ऐतिहासिक परिवर्तन : CM साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐसे अनेक निर्णय और परिवर्तन देखे हैं, जिनकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए इन फैसलों ने देश में नए आत्मविश्वास और सामर्थ्य का संचार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की स्पष्ट दृष्टि और राष्ट्रसेवा की भावना से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को गति मिली है। आज भारत विश्व मंच पर अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।
गरीब और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को बनाया शासन का केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए शासन का केंद्र हमेशा गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। इसी सोच के तहत गरीब परिवारों को पक्का आवास, घर-घर शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय के साथ सरकार ने आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने वाली सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।
‘PM मोदी के साथ काम करना मेरे सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव’
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने कार्य अनुभव को भी याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।
साय ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और सुशासन को समर्पित रहे हैं।
छत्तीसगढ़ और बस्तर से प्रधानमंत्री मोदी का जुड़ाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है और प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार से लगातार सहयोग और मार्गदर्शन मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बस्तर में अब शांति और विकास के नए अवसर बन रहे हैं तथा सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।
साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि बस्तर में शांति के वातावरण के बीच प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय लोगों की समृद्धि और रोजगार से जोड़ा जाए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए सेवा के संकल्प को गांव, शहर, मोहल्ले और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सवा लाख दीपों से दिया सामूहिक शुभकामना का संदेश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महादेव घाट पर प्रज्वलित किए गए सवा लाख दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए छत्तीसगढ़वासियों की सामूहिक मंगलकामनाओं का प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास, सकारात्मकता और प्रकाश का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल शुभकामना का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को भी दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयोजकों, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों को बधाई दी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, कौशल्या साय सहित विभिन्न निगम, आयोग और मंडलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।



