Home छत्तीसगढ़ खुर्सीपार में हेरोइन का अवैध कारोबार पकड़ा गया, महिला समेत 5 हिरासत...

खुर्सीपार में हेरोइन का अवैध कारोबार पकड़ा गया, महिला समेत 5 हिरासत में; 29 लाख की जब्ती

5
0

दुर्ग : भिलाई के खुर्सीपार इलाके में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जोन क्रमांक-3 स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 9 हजार रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक महिला, दो पुरुष और दो नाबालिगों को पकड़ा गया।

पुलिस ने मौके से हेरोइन के अलावा 2 लाख 35 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित करीब 29 लाख 23 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

हेरोइन बेचने की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को खुर्सीपार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक-3 के एक मकान में हेरोइन बेचने का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद एक महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मकान में मौजूद अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।

70.460 ग्राम हेरोइन और 2.35 लाख रुपए बरामद

मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को 70.460 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 14 लाख 9 हजार रुपए बताई है। इसके साथ ही मौके से 2 लाख 35 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए।

तलाशी के दौरान करीब 19 लाख रुपए कीमत के 19 नग सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण और बर्तन भी जब्त किए गए। इसके अलावा पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और हेरोइन तौलने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है।

तीन आरोपी जेल भेजे गए, दो नाबालिग भी पकड़े गए

पुलिस ने मामले में खुर्सीपार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख) और 27A के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसबीर कौर उर्फ सोनू (25), नितेश सोनी (32) और तिरकेश निषाद (21) के रूप में हुई है।

तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, कार्रवाई के दौरान पकड़े गए दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। बोर्ड के आदेश के बाद दोनों को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

पुलिस मामले में जब्त सामग्री और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।