रायपुर। छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को रायपुर में दिन का तापमान 40.5 डिग्री रहा। इसे देखते हुए रायपुर जिले में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। 8 की जगह अब स्कूल सुबह 7.30 बजे लगेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 3 दिनों दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ेगा।
प्रदेश के 3 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। सोमवार को राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा। बाकी जिलों में भी तापमान 38 डिग्री के पार जा चुका है।
रात में गर्मी से राहत, कई शहरों का तापमान भी गिरा
मौसम विभाग के मुताबिक दिन की तुलना में रात में गर्मी से हल्की राहत है। दिन का तापमान सभी जगहों पर सामान्य से ज्यादा है, लेकिन रात का पारा सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को पेंड्रा रोड में रात का टेंपरेचर 18.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था।
बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, माना एयरपोर्ट और दुर्ग में रात का तापमान 18 से 22 डिग्री के बीच रहा। सभी जगहों पर तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। सिर्फ राजधानी रायपुर में रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।
यहां न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम बलरामपुर में 17.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
7-8 अप्रैल को कहीं-कहीं बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 6 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। आसमान साफ रहेगा, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री के बीच रहेगा।
बुधवार को रायपुर में भी आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
शहरों में दिन का तापमान
शहर अधिकतम तापमान सामान्य से अंतर
रायपुर 40.5 डिग्री +2 डिग्री
रायपुर (माना) 40.8 डिग्री +2 डिग्री
बिलासपुर 39.2 डिग्री -1 डिग्री
दुर्ग 39.9 डिग्री +1 डिग्री
अंबिकापुर 36 डिग्री +1 डिग्री
पेंड्रा 36.4 डिग्री +1 डिग्री
राजनांदगांव 41.2 डिग्री +7 डिग्री
जगदलपुर 39.2 डिग्री +1 डिग्री
जानिए वह स्थिति जब हवाएं बन जाती हैं लू
भारत में जब किसी मैदानी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा और पहाड़ी क्षेत्रों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच जाता है तो इसे हीटवेव की स्थिति माना जाता है। इसके अलावा सामान्य तापमान से 7 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा की बढ़ोतरी को गंभीर हीटवेव की स्थिति माना जाता है।