स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी अमेरिकी उपराष्ट्रपति को अनदेखा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जेडी वेंस कतर के पीएम से मुलाकात के लिए खड़े हैं। उनके आने पर हाथ मिलाने के लिए आगे भी बढ़ते हैं, लेकिन कतर के प्रधानमंत्री उन्हें नजरअंदाज करते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को गले लगा लेते हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद यह दावा किया जा रहा है कि वैंस अपमानित महसूस कर रहे हैं और कतर उनका अभिवादन करने से इनकार कर रहा है।
रविवार की बैठक का वीडियो
अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान और कतर के बीच रविवार को लेक ल्यूसर्न के किनारे बर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में बैठक हुई थी। वीडियो इसी बैठक का है। चारों देशों के नेता यहां अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करने और उन पर हस्ताक्षर करने के लिए मिले थे। करत और पाकिस्तान यहां मध्यस्थ की भूमिका में हैं। हालांकि, एक मध्यस्थ देश के प्रतिनिधि का इस तरह अमेरिका के उपराष्ट्रपति को नजरअंदाज करना हैरान करने वाला है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे अमेरिका का कूटनीतिक अपमान बताया, लेकिन किसी भी देश के नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ईरानी विदेश मंत्री ने भी वेंस से नहीं की बात
बैठक से जुड़ी रिपोर्ट के अनुसार बातचीत के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति के भाषण से पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची थोड़ी देर के लिए कमरे में आए। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ को गले लगाया। इस दौरान जेडी वेंस कमरे के पिछले हिस्से में बैठे थे। अराघची ने वेंस से कोई बातचीत नहीं की। हालांकि, ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। दोनों पक्षों ने समझौते से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा की हैं। इनमें स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को खोलना, ईरान के तेल बेचने पर लगा प्रतिबंध हटाना और अन्य महत्वपूर्ण चीजें शामिल हैं। अमेरिका-ईरान बातचीत के मध्यस्थों ने सोमवार सुबह बताया कि स्विट्जरलैंड में ईरान युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए हो रही उच्च-स्तरीय बातचीत खत्म हो गई है, जबकि तकनीकी बातचीत पूरे हफ्ते जारी रहेगी।



