Home छत्तीसगढ़ दुर्ग में गर्लफ्रेंड के घर युवक की संदिग्ध मौत, विवाद के बाद...

दुर्ग में गर्लफ्रेंड के घर युवक की संदिग्ध मौत, विवाद के बाद छत पर मिला बेसुध; पुलिस जांच में जुटी

0

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गर्लफ्रेंड के घर पार्टी करने पहुंचे बाॅयफ्रेंड की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा हैं कि मृतक युवक अपने गर्लफ्रेंड और दोस्तों के साथ शराब पार्टी किया था। इस दौरान प्रेमी और प्रेमिका का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। थोड़े देर बाद बाॅयफ्रेंड घर की छत पर बेसुध हालत में मिला, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाॅक्टरों ने उपचार के दौरान मौत की पुष्टि की।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, ये पूरा मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है। सोमवार की रात सिद्धांत दान 28 वर्ष अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। घर में अंजलीना की सहेली निमिषा और उसका प्रेमी गौरव व ग्रेसी भी मौजूद थीं।

प्रेमी को जड़ा थप्पड़

जांच में पता चला कि सोमवार की देर रात सभी ने अंजलीना तंवर के घर पर शराब पार्टी की। इसी दौरान सिद्धांत का अंजलीना के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दे दी। अंजलीना ने भी गुस्से में प्रेमी को एक थप्पड़ जड़ दिया।

प्रेमिका के व्यवहार से दुखी सिद्धांत नाराज होकर घर की छत पर चला गया। थोड़ी देर बाद अंजलीना भी छत पर पहुंची, जहां सिद्धांत बेसुध पड़ा था।

डाॅक्टरों ने की मौत की पुष्टि

अंजलीना ने पुलिस को बताया कि सिद्धांत को होश में लाने के लिए उसे सीपीआर भी दिया गया, जब होश नहीं आया तो जिला अस्पताल लेकर गए। डाॅक्टरों ने उपचार के दौरान सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सिद्धांत की मौत का कारण क्या था और उसकी मौत कैसे हुई इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। साथ ही पार्टी में मौजूद मृतिक की प्रेमिका और अन्य से पूछताछ कर रही है।