बैकुंठपुर: जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक जिला कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर राजेश साहू के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
विशेष टीम गठित कर शुरू की गई थी तलाश
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बैकुंठपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ चोरी गए वाहनों और संदिग्धों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रेमाबाग एवं जामपारा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
तीन चोरी के मामलों का हुआ खुलासा
पुलिस की कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी के तीन मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। बरामद वाहनों को पुलिस ने विधिवत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालकों को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया। बोर्ड के आदेशानुसार उन्हें बाल सम्प्रेक्षण गृह, अंबिकापुर भेज दिया गया है।
वाहन चोरों पर पुलिस की पैनी नजर
बैकुंठपुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में वाहन चोरी से जुड़े मामलों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
पुलिस की तत्परता से तीन चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी को क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



