Home छत्तीसगढ़ CG Weather News: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, भारी वर्षा...

CG Weather News: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, भारी वर्षा का अलर्ट जारी; जानिए आपके जिले का हाल

0

रायपुर: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा हो सकती है।

प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमी वर्षा की स्थिति सामान्य के करीब है और अब तक इसमें 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

रायपुर में सुबह से बरस रहे बादल

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी जमा हो गया है। मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

एक्टिव हुआ बारिश कराने वाला सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब उसी इलाके में अधिक स्पष्ट हो गया है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रहेंगी।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम वर्षा के आसार हैं।

रविवार को इन इलाकों में झमाझम बारिश

रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश भैसमा और लवन में 9-9 सेंटीमीटर दर्ज की गई। ओडगी में 8 सेंटीमीटर और कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।इसके अलावा बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।