बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों ने पद की शपथ ली। जस्टिस संतोष शर्मा, जस्टिस सुषमा सावंत और जस्टिस सुधीर कुमार ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला।
हाईकोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा ने तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। इस दौरान हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी, छत्तीसगढ़ स्टेट ज्यूडिशियल एकेडमी और छत्तीसगढ़ स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के अधिकारी, बार के वरिष्ठ सदस्य, अधिवक्ता और न्यायिक सदस्य मौजूद रहे।
नए जजों को दी गई शुभकामनाएं
समारोह में एडवोकेट जनरल सहित अन्य वक्ताओं ने नवनियुक्त न्यायाधीशों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने उनके न्यायिक अनुभव, योगदान और अब तक की सेवाओं की सराहना की।
उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों न्यायाधीश अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए न्याय, निष्पक्षता, ईमानदारी और न्यायिक उत्कृष्टता के उच्च मानकों को कायम रखेंगे।
संविधान और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त न्यायाधीशों ने हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वे संवैधानिक और न्यायिक दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, स्वतंत्रता और न्याय के प्रति समर्पण के साथ करेंगे।
नए न्यायाधीशों ने भारत के संविधान, कानून के शासन और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
अब हाईकोर्ट में 13 न्यायाधीश
पिछले कुछ दिनों में कुछ न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने के कारण छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या कम हो गई थी। अब तीन नए न्यायाधीशों के पदभार संभालने के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 13 हो गई है।
तीन नई नियुक्तियों से हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



