Home छत्तीसगढ़ इंद्रावती पार माड़ में बाढ़ के बीच फंसे 6 कर्मचारी, प्रशासन ने...

इंद्रावती पार माड़ में बाढ़ के बीच फंसे 6 कर्मचारी, प्रशासन ने कराया एयरलिफ्ट; सभी सुरक्षित

4
0

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी और आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से इंद्रावती पार माड़ क्षेत्र में गिरदावरी सर्वे के लिए पहुंचे 6 कर्मचारी फंस गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया और सभी कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बीजापुर पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक पटवारी-सर्वेयर दल के सदस्य बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गिरदावरी सर्वे के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

कर्मचारियों के बाढ़ के बीच फंसे होने की सूचना मिलते ही कलेक्टर विश्वदीप ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 6 कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कराया और सुरक्षित बीजापुर पहुंचाया।

जिला अस्पताल में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

रेस्क्यू के बाद सभी कर्मचारियों को बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद सभी की स्थिति सामान्य पाई गई।

कलेक्टर विश्वदीप ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और बाढ़ जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच किए गए उनके कार्य की सराहना की।

आपदा में सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए गए रेस्क्यू अभियान की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।