मनेन्द्रगढ़: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। नागपुर चौकी और पोड़ी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहनों समेत करीब 4.69 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामले में ओडिशा और मध्य प्रदेश से जुड़े कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
NH-43 पर नाकेबंदी, दो पिकअप की तलाशी में खुला राज
पुलिस के मुताबिक, नागपुर चौकी और थाना पोड़ी की टीम ने NH-43 पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान दो पिकअप वाहन पुलिस के संदेह के घेरे में आए।
वाहनों को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस को बड़ी मात्रा में गांजा मिला। दोनों पिकअप से कुल 919 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी बाजार कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
ओडिशा से MP भेजी जा रही थी करोड़ों की खेप
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस अब मामले की आगे की जांच में तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
जांच का फोकस गांजे की सप्लाई करने वाले स्रोत से लेकर इसे प्राप्त करने वाले अंतिम गंतव्य और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने पर है।
ओडिशा और MP के 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33) और अरुप मिर्धा (22), सभी निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा अलबिरनी (25) और सुनीता (22), निवासी कटनी, मध्य प्रदेश को भी पकड़ा गया है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा (IPS) और पुलिस अधीक्षक MCB रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन में की गई।
इस कार्रवाई में नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह (सउनि), एएसआई रामकृपाल सिंह समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे मध्य प्रदेश में किसे सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस MCB ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



